देहरादून। पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ निवेदिता कुकरेती ने शुक्रवार को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय का भ्रमण कर आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्यालय शाखा, प्रशिक्षण शाखा, संचार शाखा, स्टोर शाखा, क्वार्टर गार्द, डॉग स्क्वाड तथा पेट्रोल पंप सहित विभिन्न प्रशासनिक इकाइयों का अवलोकन किया।

आईजी ने उपलब्ध रेस्क्यू उपकरणों, आपदा राहत सामग्री एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की कार्यक्षमता का परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीआरएफ की CSSR टीम द्वारा भूकंप अथवा भवन ध्वस्त होने की स्थिति में खोज एवं बचाव की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। टीम ने अत्याधुनिक कटिंग एवं ब्रेकिंग टूल्स, ब्रीचिंग उपकरणों, सर्च कैमरा तथा पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकों का प्रदर्शन किया। पुलिस महानिरीक्षक ने टीम की तकनीकी दक्षता, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की सराहना की।

आईजी ने निर्देश दिए कि नियमित रूप से यथार्थपरक मॉक ड्रिल आयोजित की जाए, उपकरणों का समय-समय पर रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की जटिल परिस्थितियों में प्रोफेशनल अप्रोच, टीमवर्क एवं त्वरित निर्णय क्षमता ही जन-जीवन की सुरक्षा में निर्णायक सिद्ध होती है। आगामी मानसून एवं संभावित आपदाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी इकाइयों को सदैव सतर्क एवं संसाधन-संपन्न रहने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण की गुणवत्ता, मॉक ड्रिल की नियमितता तथा आधुनिक उपकरणों के कुशल उपयोग पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं जवानों के साथ सम्मेलन आयोजित कर उनके अनुभव, चुनौतियों एवं सुझावों को भी सुना गया। उन्होंने वाहिनी में अनुशासन, स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए सभी कार्मिकों का मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान एसडीआरएफ द्वारा निर्मित जागरूकता आधारित कॉमिक बुक का भी विधिवत विमोचन किया गया। आईजी ने कॉमिक बुक की विषयवस्तु एवं आपदा प्रबंधन संबंधी सरल संदेशों की सराहना करते हुए इसे बच्चों एवं युवाओं के लिए उपयोगी पहल बताया। इस अवसर पर सेनानायक अर्पण यदुवंशी, सहायक सेनानायक सुशील रावत, क्वार्टर मास्टर श्री राजीव रावत, ट्रेनिंग इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार रावत, सूबेदार मेजर जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
