ज्वालापुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गुम हुए तीन नाबालिग सकुशल बरामद, परिजनों ने जताया आभार

हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और संवेदनशील कार्यशैली का परिचय देते हुए तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को लेकर परिजनों और आमजन द्वारा पुलिस की सराहना की जा रही है।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला चकलान निवासी अमित वर्मा ने 22 फरवरी को कोतवाली ज्वालापुर में सूचना दी कि उनका 11 वर्षीय पुत्र 21 फरवरी की रात्रि लगभग 9 बजे घर से खेलने के लिए निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।

फ़ाइल फोटो: प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने तत्काल परिजनों से विस्तृत जानकारी जुटाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही क्षेत्र में व्यापक पूछताछ एवं प्रचार-प्रसार भी किया गया।

फ़ाइल फोटो: एसएसआई खेमेन्द्र गंगवार।

ज्वालापुर पुलिस की सक्रियता रंग लाई और कुछ ही समय में मालवीय धाम क्षेत्र के आसपास से तीनों नाबालिग यश वर्मा (11 वर्ष), आदित्य (11 वर्ष) और अनुज (14 वर्ष) को सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे तीनों साथ में ही थे। इसके बाद पुलिस ने बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों और क्षेत्रीय नागरिकों ने ज्वालापुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस कार्यशैली ने आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, चौकी बाजार प्रभारी उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल सहित कांस्टेबल आलोक नेगी, कपिल कुमार, संदीप कुमार एवं नवीन छेत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!