बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा विभाग का विशेष अभियान, 17 लाख रुपये की वसूली 

बहादराबाद। मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में ऊर्जा निगम द्वारा बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ चलाया जा रहा राजस्व वसूली अभियान लगातार तेज होता नज़र रहा है। इसी क्रम में शनिवार को बहादराबाद उपखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में ऊर्जा विभाग की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की।

अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी व अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में उपखंड अधिकारी अक्षय कपिल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने जमालपुर खुर्द और रोशनाबाद क्षेत्र में सघन चेकिंग की। इस दौरान जेई शिवानी शर्मा और जेई स्वीटी सैनी सहित विभागीय कर्मचारियों ने घर-घर और औद्योगिक इकाइयों में जाकर बकाया बिजली बिलों की जांच की तथा उपभोक्ताओं से तत्काल भुगतान करने के लिए कहा।

अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया गया था। ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 15 औद्योगिक इकाइयों और 50 घरेलू उपभोक्ताओं के कुल 65 बिजली कनेक्शन काट दिए। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बकायेदार उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया। विभागीय टीम ने अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा कराने के लिए जागरूक भी किया। कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपना बकाया बिल जमा कराया, जिसके चलते विभाग को करीब 17 लाख रुपये की राजस्व वसूली प्राप्त हुई।

वहीं, अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने चेतावनी दी कि यदि किसी उपभोक्ता का बिल लंबे समय तक बकाया पाया गया तो उसके खिलाफ कनेक्शन विच्छेदन सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!