हरिद्वार। ज्वालापुर डिवीजन के अधीन सब डिवीजन स्तर पर बिजली चोरी और बकाया वसूली के खिलाफ ऊर्जा निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को एक्सईएन ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर जगजीतपुर उपखंड अधिकारी अमित तोमर के नेतृत्व में ऊर्जा निगम की टीम ने ग्राम जमालपुर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घरों और प्रतिष्ठानों की विद्युत आपूर्ति की जांच की। करीब 13 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई, जिसके बाद संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा रहा।

इसके साथ ही टीम ने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 23 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काटे गए, जबकि विभाग ने मौके पर ही करीब 2.62 लाख रुपये की राजस्व वसूली की।

एक्सईएन रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी और बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। चेकिंग के दौरान जेई वरुण पंवार समेत ऊर्जा निगम का स्टाफ मौजूद रहा।
