हरिद्वार। बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम ने शुक्रवार सुबह ज्वालापुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर एसडीओ-l शिल्पी सैनी के नेतृत्व में निगम की टीम ने पांवधोई, चोर गली, हज्जाबान और मेन बाजार में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बिजली चोरी के मामले सामने आने पर विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।ऊर्जा निगम की टीम ने सुबह-सुबह अलग-अलग स्थानों पर जांच अभियान चलाकर बिजली चोरी के मामलों को पकड़ा। अचानक हुई छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। विभाग की इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में सख्ती का संदेश गया है।अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान में एसडीओ-l शिल्पी सैनी, अवर अभियंता अक्षय कुमार सिंह, लाइनमैन धर्म सिंह, नरेश और इमरान मलिक सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। ऊर्जा निगम की ओर से बिजली चोरी के खिलाफ अभियान जारी रखने के साथ ही दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
ज्वालापुर में बिजली चोरों पर ऊर्जा निगम का शिकंजा, 13 पकड़े
