हरिद्वार। स्मैक के नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर वाहन चोर को बहादराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखी गई कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की पांच घटनाओं से संबंधित हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अन्य पांच मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जांच शुरू कर दी है।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस को यह सफलता मिली। 11 नवंबर को उपनिरीक्षक विकास रावत अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले सुनसान रास्ते पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो वह बाइक के दस्तावेज नहीं दिखा पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने मोटरसाइकिल आराध्या नर्सिंग होम के पास से चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की पहचान दीपक (27) पुत्र सुंदर लाल निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी की बाइक गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रख देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मौके से नौ अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। जांच में पांच बाइक बहादराबाद में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित मिलीं।पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी पिरान कलियर और भगवानपुर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। बरामद अन्य पांच मोटरसाइकिलों के स्वामित्व और चोरी से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इनमें पांच वाहन चोरी के दर्ज मामलों से संबंधित हैं। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल बलवंत सिंह, पंकज बिष्ट, विक्रम सिंह और अवनेश राणा शामिल रहे।
