उधमसिंहनगर। जनपद उधमसिंहनगर को नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में एक सख्त, ईमानदार और कर्मठ अधिकारी का नेतृत्व मिला है। आईपीएस अधिकारी अजय गणपति ने एसएसपी उधमसिंहनगर का पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार संभालते ही जिले के अपराधियों और नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
आईपीएस अजय गणपति की पहचान एक ईमानदार, अनुशासित और परिणाम देने वाले अधिकारी के रूप में की जाती है। इससे पहले जब वे चंपावत में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात थे, तब उन्होंने नशा माफियाओं के खिलाफ व्यापक और सख्त अभियान चलाया। उनके नेतृत्व में चंपावत पुलिस ने नशे की भारी खेप बरामद करते हुए कई बड़े तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। उनकी कार्यशैली में कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। संगठित अपराध, अवैध कारोबार और नशा तस्करी पर सख्त प्रहार उनकी कार्यप्रणाली की खास पहचान रही है। यही वजह है कि उनके उधमसिंहनगर पहुंचते ही आपराधिक तत्वों में भय का माहौल बन गया है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा की अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। आम जनता की सुरक्षा, महिला अपराधों पर अंकुश, साइबर अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। वहीं, जनपदवासियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में उधमसिंहनगर में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा।
