देहरादून। राजधानी के डालनवाला थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने मौके की परिस्थितियों, उपलब्ध भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा अब तक की पुलिस कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को निर्देश दिए कि घटना में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र पहचान कर विशेष टीमों का गठन किया जाए और गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्य व अन्य सभी विधिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। आईजी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस रणनीति बनाई जाए।
क्षेत्राधिकारियों से की बैठक, दिए सख्त निर्देश
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए आईजी राजीव स्वरूप द्वारा परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनपद देहरादून के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) की गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में हाल के दिनों में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की गई और त्वरित अनावरण व प्रभावी रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करेंगे और पुलिस बल की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित ब्रीफिंग कर कानून व्यवस्था के प्रति सतर्क रखा जाएगा। आईजी ने निर्देश दिए कि विवादित व संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए उनका निस्तारण क्षेत्राधिकारी स्वयं की निगरानी में कराएंगे। संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए नियमित व आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। भूमि विवाद, आपसी रंजिश व अन्य संवेदनशील मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और बैंक सुरक्षा पर जोर
आईजी राजीव स्वरूप ने सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आने वाले मामलों पर तत्काल संज्ञान लेने और अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर सख्त नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्राधिकारियों को अपने क्षेत्रों के बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण करने तथा विद्यालयों व शिक्षण संस्थानों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सुरक्षा और साइबर अपराध संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
जवाबदेही होगी तय...
आईजी गढ़वाल ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति होती है तो संबंधित थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाएगी। आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
