हरिद्वार।कोतवाली रुड़की पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने किशोरी को पहले ही बरामद कर लिया था, जिसके बयानों के आधार पर मुकदमे में पोक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई थीं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक बीती 29 दिसंबर 2025 को ग्राम भंगेड़ी निवासी एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की और किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद जब किशोरी के बयान दर्ज किए गए, तो उसने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र का रहने वाला अरुण कुमार उसे बहला-फुसलाकर ले गया था। बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में पोक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। इंस्पेक्टर मनीष उपाध्याय ने बताता कि रविवार को उपनिरीक्षक अंशु चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी अरुण कुमार (30 वर्ष) पुत्र विजय पाल, निवासी ग्राम मसाही कला (भगवानपुर) को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल मेजर सिंह, कांस्टेबल लईक अहमद शामिल रहे।
स्मैक तस्कर भी चढ़ा हत्थे
रुड़की। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत रुड़की पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है। कोतवाली पुलिस ने कलियर मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 06.90 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। एसएसपी हरिद्वार के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस टीम लगातार नशा माफियाओं की धरपकड़ में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की मनीष उपाध्याय द्वारा गठित टीम ने शनिवार को कलियर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई। पकड़े गए अभियुक्त का नाम तौकीर पुत्र इलियास, निवासी माहीग्रान बंदा रोड रुड़की है। पुलिस ने आरोपी तौकीर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भजराम चौहान, हेड कांस्टेबल युनुस बेग, कांस्टेबल राजेश देवरानी और प्रदीप डंगवाल शामिल रहे।
