देहरादून। दून मेडिकल कालेज में सोमवार को 24 वर्षीय इंटर्न डाक्टर के चौथी मंजिल से नीचे गिरने से हड़कंप मच गया। सोमवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई इस घटना के बाद हास्टल स्टाफ ने तुरंत उसे दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे आइसीयू में भर्ती किया गया। इंटर्न डाक्टर कार्तिक चौधरी काशीपुर का रहने वाला था। कार्तिक को कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। उसके कूल्हे की हड्डी टूट गई है, सिर पर गंभीर चोट आने के कारण 22 टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा कमर के निचले हिस्से की हड्डी पिचक गई है। जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के समय कार्तिक हास्टल की चौथी मंजिल पर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण वह नीचे गिर गया। हालांकि घटना संदिग्ध होने के कारण इसकी विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। हास्टल वार्डन और छात्रों ने मौके पर पहुंचकर उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना कैसे हुई इसको लेके कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। कार्तिक के बयान के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। वहीं, कालेज प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक जांच समिति गठित कर दी है, जो पूरी घटना पर विस्तृत रिपोर्ट देगी।
