हरिद्वार। जनपद में सड़क हादसों की खबरें लगातार सामने आ रही है। एकाएक हादसों में कोई न कोई अपनी जान गंवा रहा है। ताज़ा मामला कनखल थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिसके कारण बाइक चला रहे किशोर की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार उसके दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार शाम की है। लोक निर्माण विभाग कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय किशोर अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से कनखल की ओर जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही हाइवे से वह सर्विस लाइन की ओर मुड़ा इतने में बाइक असंतुलित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। बाइक चला रहे किशोर का सर डिवाइडर से टकरा गया। जिस कारण वह लहूलुहान हो गया। बाइक पर सवार दोनों दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बिच वहां से गुज़र रही एक एम्बुलेंस ने किशोर व उसके साथियों को अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। किशोर की मौत की खबर सुन परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, सूचना मिलने पर कनखल पुलिस भी मौक़े पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
