हरिद्वार। जिला अस्पताल से एक ओर लापरवाही का मामला सामने आया है। मोर्चरी में रखे एक शव को चूहों ने कुतर दिया। परिजनों ने ज़ब चेहरे और आंख पर चोट जैसे निशान देखे तो हंगामा खड़ा कर दिया। जिसके बाद कांग्रेस नेता भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने मोर्चरी के बाहर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ उग्र नारेबाजी भी की।
जानकारी के अनुसार ज्वालापुर कोतवाली स्थित पंजाबी धर्मशाला के मैनेजर लखन शर्मा उर्फ लकी (36) की शुक्रवार शाम अचानक हृदयगति रुकने से मौत हो गई। परिजन देर शाम शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए लेकर पहुंचे थे, लेकिन समय बीत जाने के कारण प्रक्रिया अगले दिन सुबह के लिए टाल दी गई। शनिवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए मोर्चरी पहुंचे तो उनके होश उड़ गए।

शव के चेहरे, सिर व एक आंख पर गहरे घाव के निशान थे। आसपास चूहे दौड़ते देख परिजन समझ गए कि रात में शव को चूहों ने कुतर डाला है। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने मोर्चरी के बाहर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ उग्र नारेबाजी की। परिजनों का आरोप था कि मोर्चरी की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है, जिससे शव तक सुरक्षित नहीं रह पा रहे। हंगामे के दौरान भी काफी देर तक स्वास्थ्य विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। वे दोषियों पर कार्रवाई, मोर्चरी व्यवस्था की जांच और जिम्मेदार कर्मचारियों के निलंबन की मांग करते रहे।
