एनडीपीएस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को भगवानपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

हरिद्वार। नशे के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी है। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने एनडीपीएस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सादिक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

मामला 13 अक्टूबर 2025 का है, जब भगवानपुर पुलिस ने मोहम्मद मियां नामक आरोपी को 1 किलो 400 ग्राम चरस के साथ पकड़ा था। पूछताछ में उसने सप्लायर सादिक का नाम उजागर किया था। इसके बाद मामले में सादिक के खिलाफ प्रकरण बढ़ाते हुए उसे वांछित घोषित किया गया था।

काफी समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे सादिक को अंततः 5 दिसंबर 2025 को उसके गांव फिरोजाबाद, थाना चिलकाना (सहारनपुर) से पुलिस टीम ने दबोच लिया। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने क्षेत्र के तस्करों को कड़ा संदेश दिया है कि नशा बेचने, सप्लाई करने या ऐसे किसी भी नेटवर्क का हिस्सा बनने वालों को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक थाना भगवानपुर रमेश सैनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सादिक पुत्र काबिल, निवासी सलीरी, थाना चिलकाना, सहारनपुर के रूप में हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश सैनी, कांस्टेबल परम सिंह और कांस्टेबल उवैदउल्लाह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!