हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के दादूपुर-गोविंदपुर में गुरुवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्क्रैप के गोदाम में भीषण आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मायापुर व आसपास की फायर यूनिट तत्काल मौके के पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए जुट गई। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें आसपास स्थित मकानों तक पहुंचने लगीं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। रात्रि में अचानक लगी आग से आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जनपद के विभिन्न फायर स्टेशनों से कुल सात फायर यूनिटों को मौके पर लगाया गया।अग्निशमन विभाग ने कड़ी मेहनत, लगन और पूरी सावधानी के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फायर स्टेशन मायापुर से दो, बहादराबाद से एक, सिडकुल से दो, भगवानपुर से एक तथा रुड़की से एक फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने लगातार करीब नौ घंटे तक संघर्ष करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पाया।इस दौरान आसपास स्थित मकानों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फायर यूनिटों की तत्परता से 20 से 25 लोगों को आग की चपेट में आने से सकुशल बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आया स्क्रैप का गोदाम वसीम पुत्र श्री खलीफ, निवासी दादूपुर गोविंदपुर (निकट बालकुंज) का बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
