वाहन चोरी का खुलासा, 9 बाइक बरामद, शातिर आरोपी गिरफ्तार ,गैंगस्टर समेत कई मुकदमे दर्ज, साथी की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की नौ मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर रानीपुर, सिडकुल और बहादराबाद क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी के वाहनों को बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा जाता था।

मंगलवार को सिडकुल कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में आपराधिक तत्वों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 14 सितंबर को सिडकुल क्षेत्र के किरवी चौक पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया।पुलिस के रोकने पर बाइक सवार ने अचानक मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक का टायर फिसल गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे में मिली मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की तो वह चोरी की निकली। उक्त मोटरसाइकिल के चोरी होने के संबंध में सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज था।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात बताई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री के अंदर झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई आठ अन्य मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए। इस तरह पुलिस ने कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं।एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, हरिद्वार, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।

फ़ाइल फोटो: एसओ सिडकुल अजय शाह।

सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह बरामद सभी मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

वाहन चोरी के खुलासे में सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल सोहन राणा, कांस्टेबल प्रमोद गोस्वामी, कांस्टेबल रिपेन्द्र कैन्तुरा और होमगार्ड आफताब मलिक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!