हरिद्वार। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान के तहत झबरेड़ा पुलिस को अहम सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार बुधवार को एसओ झबरेड़ा अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान क्षेत्र के मानकपुर गांव जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को बाइक सहित रोका गया। कागजात मांगने पर युवक घबरा गया और संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। जांच में बाइक चोरी की निकली, जो झबरेड़ा क्षेत्र से ही चुराई गई थी। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी दीपक ने दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों के बारे में भी खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो और स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें से एक कोतवाली गंगनहर क्षेत्र से चोरी की गई थी। एसओ झबरेड़ा अजय शाह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:-
दीपक पुत्र ललित उर्फ मन्नू निवासी खेड़ा मूगल, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उ.प्र.), हाल निवासी लाठरदेवा हूण, थाना झबरेड़ा जनपद हरिद्वार।
बरामदगी:-
स्पलेंडर प्लस (मु0अ0सं0 27/2026) धारा 303(2), 317(2) बीएनएस, थाना झबरेड़ा
स्पलेंडर प्लस (मु0अ0सं0 28/2026) धारा 303(2), 317(2) बीएनएस, थाना झबरेड़ा
स्पलेंडर प्लस (मु0अ0सं0 73/2026) धारा 303(2), 317(2) बीएनएस, कोतवाली गंगनहर
कार्रवाई टीम में:-
थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जय सिंह राणा, हेड कांस्टेबल रामवीर, हेड कांस्टेबल हरेंद्र कुमार एवं कांस्टेबल रणवीर शामिल रहे।
