हरिद्वार। भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिनारसी में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद उसको कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार बीते एक फरवरी को रविदास जयंती शोभायात्रा सकुशल संपन्न होने के बाद शाम करीब 5 बजे पुरानी रंजिश के चलते विशाल नामक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव के युवक आनंद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दूसरे पक्ष के मांगेराम (55) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। साथ ही आरोपियों के घरों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।

घटना के बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर कोतवाली भगवानपुर में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर पहले ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर रितेश शाह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए अभियान चलाया।

पुलिस को 3 अप्रैल 2026 को उस समय सफलता मिली जब मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम बिनारसी से वांछित आरोपी बबलेश कुमार पुत्र सतपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर रितेश शाह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में:-
प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह
उपनिरीक्षक पुनीत दनोशी
कांस्टेबल विनय थपलिया
कांस्टेबल उबैदुल्ला


