अवैध मीट दुकानों पर नगर निगम सख्त, टीम ने निरीक्षण कर 40 से अधिक विक्रेताओं की सूची खाद्य सुरक्षा विभाग को भेजी

हरिद्वार। नगर आयुक्त नन्दन कुमार के निर्देश पर नगर निगम ने शहर में जनस्वास्थ्य एवं स्वच्छता मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए ज्वालापुर क्षेत्र में व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान 40 से अधिक ऐसे मीट विक्रेता चिन्हित किए गए जिनके पास खाद्य सुरक्षा विभाग का वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। नगर निगम द्वारा निर्धारित प्रारूप के तहत बीते माह इन सभी प्रतिष्ठानों का विधिवत सर्वेक्षण कराया गया। यह कार्रवाई मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर, विकास चौधरी तथा सफाई निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों की जांच के साथ स्वच्छता की स्थिति का भी आकलन किया गया। सर्वेक्षण रिपोर्ट प्राप्त होते ही निगम कार्यालय ने औपचारिक रूप से खाद्य सुरक्षा विभाग को पत्र प्रेषित कर 40 से अधिक लाइसेंस विहीन मीट विक्रेताओं की सूची उपलब्ध कराई। पत्र में विभाग से अनुरोध किया गया है कि संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध प्रचलित नियमों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर दुकानों को बंद कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान नियमों के अनुरूप कार्य करें और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!