हरिद्वार। चारधाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन और सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान के नेतृत्व में गुरुवार को पंतद्वीप घाट और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई।

नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बने लगभग 100 से अधिक झोपड़ियों और खोखों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान प्रशासन ने साफ चेतावनी दी कि भविष्य में इन स्थानों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों, फुटपाथ, पैदल मार्ग और गंगा घाटों पर अतिक्रमण होने से आवागमन प्रभावित होता है और श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए है और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से नियमों का पालन करने और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। इस कार्रवाई में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, हरकी पौड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी, रोड़ी बेलवाला चौकी प्रभारी नवीन चौहान, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल समेत अन्य अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।


