जोमैटो डिलीवरी कर्मियों का अनशन समाप्त, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान की पहल से बनी सहमति

हरिद्वार। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रानीपुर मोड़ पर पिछले तीन दिनों से अनशन पर बैठे जोमैटो फूड डिलीवरी कंपनी के डिलीवरी कर्मियों का अनशन गुरुवार को प्रशासन की पहल पर समाप्त हो गया। डिलीवरी बॉयज का कहना था कि निर्धारित समय पर डिलीवरी न होने की स्थिति में उनके प्वाइंट और वेतन में कटौती की जा रही है, जिसे तत्काल रोका जाए। साथ ही उन्होंने वेतन वृद्धि समेत अन्य कार्यस्थितियों में सुधार की मांग उठाई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार के सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने पहल करते हुए कंपनी के पदाधिकारियों और अनशनकारियों को नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में वार्ता के लिए बुलाया। वार्ता के दौरान कर्मियों द्वारा सौंपे गए मांगपत्र पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। सकारात्मक बातचीत और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। इस मौके पर डिलीवरी कर्मियों ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

फ़ाइल फोटो: नगर मजिस्ट्रेट कुशम चौहान।

सिटी मजिस्ट्रेट कुशम चौहान की संवेदनशीलता और कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप कर श्रमिकों और कंपनी के बीच संवाद स्थापित कराया, जिससे स्थिति शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गई। इस पहल को प्रशासन और श्रमिकों के बीच बेहतर संवाद का सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!