सिडकुल में नशे पर पुलिस का प्रहार, 101 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार

हरिद्वार। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 101 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में कथित मेडिकल स्टोर संचालक की भूमिका भी सामने आने पर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। वही, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसको कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सिडकुल पुलिस को मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि ब्रह्मपुरी रावली महदूद स्थित महादेव मेडिकल स्टोर से अवैध रूप से नशीले कैप्सूल बेचे जा रहे हैं। सूचना पर एसओ सिडकुल अजय शाह व एसएसआई विकास रावत के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और सागर नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 101 नशीले कैप्सूल (स्पास्मो ट्रामाडोल) बरामद हुए। पूछताछ में मेडिकल स्टोर संचालक की संलिप्तता की आशंका भी सामने आई है। पुलिस के पहुंचने से पहले वह मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

फ़ाइल फोटो: एसओ सिडकुल अजय शाह।

एसओ अजय शाह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सागर (20 वर्ष) पुत्र शिवकुमार, मूल निवासी ग्राम बरसी, थाना तितरो, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद, थाना सिडकुल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!