हरिद्वार। होली के त्योहार के मौके पर हरिद्वार पुलिस ने आम जनता को एक शानदार तोहफा दिया है। ‘ऑपरेशन रिकवरी’ अभियान के तहत पुलिस ने गुम हुए करीब 140 मोबाइल फोन ढूंढ निकाले हैं, जिनकी बाजार में कीमत 35 लाख रुपये से अधिक है। इस बड़ी कामयाबी के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने खुद सिडकुल थाने में प्रेस वार्ता की। उन्होंने अपने हाथों से उन लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन लौटाए जो फोन मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे। एसएसपी के हाथों अपना फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

बरामद किए गए फोन में से कई मोबाइल सिडकुल की कंपनियों में काम करने वाले उन कर्मचारियों के हैं, जो दूसरे राज्यों से यहाँ नौकरी के लिए आए हैं। इसके साथ ही कई स्थानीय निवासियों के फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जिले की पुलिस को चोरी और गुम हुए मोबाइल ढूंढने के लिए C.E.I.R. पोर्टल पर मिली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों पर सिडकुल थाना पुलिस ने कड़ी मेहनत की और इस पोर्टल की मदद से 140 मोबाइल फोन रिकवर करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के इस सराहनीय कार्य की आम जनता ने खूब प्रशंसा की है। इस सफल रिकवरी टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र तोमर और मुख्य आरक्षी विवेक यादव शामिल रहे। बरामद फोन में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रियलमी और वन प्लस जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं।

हरिद्वार पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कभी भी कोई लावारिस मोबाइल फोन मिलता है, तो उसे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए तुरंत पास के थाने या पुलिस चौकी में जमा करा दें।
