युवकों के दो गुटों में टकराव, तमंचा लहराने का आरोप, आधा दर्जन से अधिक के खिलाफ मुकदमा 

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के पीठ बाजार में सोमवार देर रात दो युवकों के गुटों के बीच जमकर बवाल हो गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले यहां तक कि तमंचा लहराए जाने की बात भी सामने आई। जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए। वहीं, पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में रातभर दबिश दी गई। विवाद में शामिल दोनों गुटों के कुछ युवक ‘पीला गैंग’ और बाज गैंग’ से जुड़े बताए जा रहे है। दोनों गुटों के बीच काफी समय से वर्चस्व को लेकर तनातनी चली आ रही थी। सोमवार देर रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। वहीं, मामले में पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार पीठ बाजार पुलिया, जगजीतपुर निवासी पिंकी रानी ने ज्वालापुर कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि उनका पुत्र पारस, जो मोबाइल की दुकान चलाता है, 19 जुलाई की शाम करीब छह से सात बजे के बीच दुकान के काम से रानीपुर मोड़ गया था। आरोप है कि वापस लौटते समय अवधूत मंडल के पास कार्तिक, प्रिंस उर्फ छोटा बग्गा, हनी, जस्सी उर्फ दिवस, वंश प्रजापति, कन्नु कश्यप तथा तीन अज्ञात युवकों ने उसकी एक्टिवा रोक ली।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने एक्टिवा की चाबी छीन ली और जान से मारने की नीयत से पारस के साथ मारपीट की। पारस किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। तहरीर में नामजद आरोपियों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए उनके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज होने का दावा किया गया है।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दर्ज मुकदमे, उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!