एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर हुक्का गैंग के नेटवर्क पर लक्सर पुलिस का प्रहार, अवैध असलहे सप्लाई करने वाला मुख्य सदस्य गिरफ्तार

रूड़की। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने हुक्का गैंग के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक के माध्यम से दुष्प्रचार भी कर रहा था और गैंग के सदस्यों को अवैध असलहे उपलब्ध कराने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर।

पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक लक्सर प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में शुक्रवार को उपनिरीक्षक दीपक चौधरी पुलिस टीम के साथ ग्राम भूरनी क्षेत्र में मुकदमा अपराध संख्या 243/2026 में वांछित आरोपियों की तलाश में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कुआंखेड़ा की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने अचानक बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सालम पुत्र जहीर हसन निवासी घिस्सोपुरा थाना मंगलौर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक गैंग का सदस्य है, जिसका लीडर विशाल पुत्र मुकेश निवासी मुण्डाखेड़ा खुर्द है। गैंग में कार्तिक, गुरमीत, अक्षय, आयान, गांधी और अनुज कश्यप सहित कई अन्य सदस्य सक्रिय हैं।

फ़ाइल फोटो: प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशयारी।

आरोपी ने खुलासा किया कि उसका काम गैंग के सदस्यों को अवैध असलहे उपलब्ध कराना है। गैंग के सदस्यों ने मुण्डाखेड़ा खुर्द निवासी एक युवक से कथित वीडियो क्लिप के आधार पर पैसों की मांग भी की थी। इसी दौरान नगला खिताब निवासी गौरव से गैंग के कुछ सदस्यों की कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि 10 मार्च की रात गैंग के छह सदस्य दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर गौरव के घर पहुंचे और वहां फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया। हालांकि गौरव किसी तरह बच गया और गांव में शोर मचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

फ़ाइल फोटो: एसएसआई नितिन चौहान।

पूछताछ में आरोपी सालम ने बताया कि घटना के बाद वह अपने साथियों के साथ खादर क्षेत्र में छिपा हुआ था। पुलिस दबाव बढ़ने पर वह अपने एक साथी से मिलने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। वहीं, लक्सर एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि लक्सर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ ही शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमे की कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी:

सालम पुत्र जहीर हसन निवासी घिस्सोपुरा, थाना मंगलौर।

पुलिस टीम:

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी

उपनिरीक्षक लोकपाल परमार

उपनिरीक्षक विपिन कुमार उपनिरीक्षक दीपक चौधरी

मुख्य आरक्षी मीनान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!