हरिद्वार। अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ बहादराबाद पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर पांच अवैध पिस्टल, एक तमंचा, सात जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को रोशनाबाद स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा करते हुए बताया कि जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 15 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने आने वाले हैं।

सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि मुकुल पाल मौके से भागकर गन्ने के खेत में घुस गया। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकुल के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ और तलाशी में मुकुल पाल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन तथा भूपेंद्र के कब्जे से .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। वहीं विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो अन्य पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए 16 नवंबर की रात बड़ैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान गिरोह के चौथे सदस्य प्रशांत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का पर्दाफाश किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, मेरठ, भूपेंद्र निवासी मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार निवासी बहादराबाद और प्रशांत कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर के रूप में हुई है। घायल मुकुल पाल को उपचार के बाद पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, सात जिंदा कारतूस, एक स्प्लेंडर प्लस और एक बुलेट मोटरसाइकिल के साथ तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक विकास रावत, हेमदत्त भारद्वाज, अजय कुमार सहित बहादराबाद कोतवाली की पुलिस टीम और सीआईयू रुड़की प्रभारी उपनिरीक्षक संजय पुनिया के नेतृत्व में टीम शामिल रही।
