हरिद्वार। घर से लापता हुई 21 वर्षीय युवती को सिडकुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 19 मार्च को रानीपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 21 वर्षीय पुत्री के घर से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर रानीपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जांच की जिम्मेदारी सिडकुल थाने में तैनात अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए युवती का पता लगाया और उसे सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की परिजनों द्वारा सराहना की गई है।
