हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी से एक बार फिर मामला सुर्खियों में है। पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की शिकायत पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर सहारनपुर स्थित उनके आवास से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने, पांच करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी महिला ने 24 अक्तूबर की रात शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कर शिकायतकर्ता के परिवार की छवि खराब करने का प्रयास किया। आरोप है कि व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग भी की गई। शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने 25 अक्तूबर को सहारनपुर के सदर बाजार क्षेत्र स्थित गोविंदनगर में दबिश देकर उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है।अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम को लेकर उर्मिला सनावर पहले भी चर्चा में रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर ऑडियो रिकॉर्डिंग साझा कर इस मामले में एक कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े आरोप लगाए थे। इन रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और उनसे जुड़े दावों की जांच सीबीआई कर रही है। 23 अक्तूबर को उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने इस प्रकरण से जुड़े मामले में प्रस्तावित नार्को और पॉलीग्राफ परीक्षण के लिए सहमति दी थी। हालांकि, ऑडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच एजेंसी की ओर से नहीं की गई है।पुलिस के मुताबिक, उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के विभिन्न थानों में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। मौजूदा मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल कुलदीप और महिला कांस्टेबल मोनिका व मीनाक्षी शामिल रहीं।
