गैंगवार: रंजिश के चलते ज्वालापुर निवासी युवकों के दो गुट आमने-सामने, चली गोलियां, पीठ बाजार निवासी एक घायल 

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब फाउंड्री गेट के पास दो गुटों के बीच चली आ रही रंजिश खूनी टकराव में बदल गई। दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही एक गुट ने दूसरे पर फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना में ज्वालापुर के पीठ बाजार निवासी वासु के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना में शामिल कुछ युवक पिल्ला गैंग से जुड़े बताए जा रहे है।

पुलिस के मुताबिक, पीठ बाजार और कस्साबान क्षेत्र के युवकों के बीच करीब एक सप्ताह पहले हुए झगड़े के बाद से ही दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। मंगलवार रात करीब 11 बजे फाउंड्री गेट के पास स्थित बागगोवाली क्षेत्र में दोनों गुटों का आमना-सामना हो गया, जिसके बाद विवाद अचानक हिंसक हो उठा और गोलियां चल गईं। जिसमे वासु पुत्र सुरेंद्र निवासी पीठ बाजार ज्वालापुर घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। घटना में करीब पांच आरोपी शामिल थे। जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!