ज्वालापुर वक्फ कब्रिस्तान बना मिसाल, दो साल में बदली तस्वीर

हरिद्वार। सुभाष नगर ज्वालापुर स्थित वक्फ कब्रिस्तान की प्रबंधन समिति ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में विकास और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए इसे एक मॉडल कब्रिस्तान की दिशा में अग्रसर किया है। वर्ष 2023 में उत्तराखंड वक्फ बोर्ड, देहरादून द्वारा अध्यक्ष शादाब शम्स की अध्यक्षता में गठित इस समिति की कमान अहसान अंसारी को सौंपी गई थी।

समिति ने गठन के बाद सबसे पहले कब्रिस्तान की मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया। परिसर में व्यापक साफ-सफाई कराई गई, भूमि का समतलीकरण कराया गया और आवागमन के लिए व्यवस्थित रास्तों का निर्माण कराया गया। इसके साथ ही पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे अंतिम संस्कार के दौरान आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।

फ़ाइल फोटो: वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स।

प्रबंधन समिति ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए लावारिस शवों के सम्मानजनक दफन की व्यवस्था भी शुरू की। पुलिस के माध्यम से प्राप्त होने वाले शवों को निशुल्क दफनाया जा रहा है। अब तक कुल 298 शवों का दफन किया जा चुका है, जिनमें 12 लावारिस शव शामिल हैं। सभी शवों को धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार दफनाने का विशेष ध्यान रखा जाता है।

फ़ाइल फोटो: पार्षद एवं प्रबंधक अहसान अंसारी।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कब्रिस्तान परिसर और मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। वहीं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दफन किए गए शवों का विधिवत रिकॉर्ड भी संधारित किया जा रहा है, जिससे जरूरत पड़ने पर जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके। समिति के सदस्य समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हैं और स्थानीय लोगों के सुझावों को भी प्राथमिकता देते हैं। भविष्य को ध्यान में रखते हुए कब्रिस्तान के विस्तार, हरियाली बढ़ाने और अन्य सुविधाओं के विकास की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए इसे पारदर्शी और जिम्मेदार प्रबंधन का उदाहरण बताया है। प्रबंधन समिति ने अपने कार्यकाल में समर्पण और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए एक सकारात्मक मिसाल पेश की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!