हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में डॉक्टर की कार पर फायरिंग के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना का मास्टरमाइंड बताए जा रहे कथित सत्संगी बाबा की तलाश जारी है। ग्रामीण एसपी/सिटी ने प्रेस वार्ता में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि यह हमला पूर्व नियोजित साजिश के तहत किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि वह अपने साथियों के साथ बहादराबाद स्थित अस्पताल से लौट रहे थे, तभी बाडीटीप के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। इससे पहले 14 अप्रैल को भी उनकी गाड़ी पर फायरिंग की गई थी, जिसके साक्ष्य बाद में सामने आए।

ग्रामीण एसपी/सिटी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी शुभम सैनी (22) निवासी भिक्कमपुर को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने परिवार के साथ एक कथित बाबा के संपर्क में था और पिछले तीन साल से उसके सत्संग में जाता था। बाबा के कहने पर ही उसने डॉक्टर सुमित कुमार को मारने की साजिश रची। 14 अप्रैल को दोनों ने मिलकर डॉक्टर की गाड़ी पर फायरिंग की थी और 27 अप्रैल को दोबारा मौका देखकर चार राउंड फायर किए।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का अवैध असलहा बरामद किया है। ग्रामीण एसपी/सिटी ने बताया कि फरार बाबा की तलाश के लिए टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोशियारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।
पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशियारी
उपनिरीक्षक यशवीर नेगी (चौकी प्रभारी भिक्कमपुर)
हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश
कांस्टेबल गंगा (1344)
कांस्टेबल धवजवीर (1336)
हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी (CIU रुड़की)
कांस्टेबल महिपाल तोमर (CIU रुड़की
