नॉनवेज ढाबे पर बवाल: दहशत फैलाने को युवक ने मारपीट के दौरान लहराया तमंचा

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात एक नॉनवेज ढाबे पर खाना खाने पहुंचे युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के दौरान एक युवक ने तमंचा निकालकर लहरा दिया। घटना से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को तमंचे और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आर्यनगर चौक गली नंबर-3 निवासी कार्तिक शुक्ला अपने कुछ दोस्तों के साथ काका चिकन ढाबे पर खाना खा रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने तमंचे की बट से कार्तिक पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं। हंगामे के दौरान आरोपी ने तमंचे में कारतूस डालकर डराने की कोशिश की। घटना के दौरान ढाबे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इसी बीच किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।

फ़ाइल फोटो: इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह।

सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी ज्वालापुर चंद्रभान सिंह के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर जोगिया मंडी निवासी वीर गोस्वामी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ ढाबे पर खाना खाने आया था और विवाद बढ़ने पर उसने लोगों को डराने के लिए तमंचा निकाला था।

फ़ाइल फोटो:-एसएसआई हर्ष अरोड़ा

एसएसआई कोतवाली ज्वालापुर हर्ष अरोड़ा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविंद्र जोशी, का. अमित गौड़ व का. राजेश बिष्ट शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!