हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर वैवाहिक जीवन से जुड़ा अहम सच छिपाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शादी के कई महीने बाद उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अदालत में दायर प्रार्थना पत्र में धीरवाली निवासी निशा ने बताया कि 25 अगस्त 2025 को उसकी शादी भूदेश कुमार निवासी शाहपुर, राजा का ताजपुर, बिजनौर, हाल निवासी धीरवाली ज्वालापुर के साथ हुई थी। विवाह के बाद दोनों परिवारों की मौजूदगी में स्वागत समारोह भी आयोजित किया गया था।
महिला का आरोप है कि एक अप्रैल 2026 को उसके पति ने स्वयं बताया कि उसकी पहले से शादी हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। इससे वह स्तब्ध रह गई। महिला का कहना है कि यह तथ्य विवाह से पहले उससे छिपाया गया था। आरोप है कि पति ने अपनी पहली पत्नी से तलाक लेने की बात कहते हुए एक कथित तलाकनामा भी दिखाया और भविष्य में साथ रखने तथा संपत्ति में हिस्सा देने का भरोसा दिलाता रहा।
आरोप लगाया कि शादी के बावजूद उसे परिवार में स्थान नहीं दिया गया और अलग किराये के मकान में रखा जाता रहा। जब उसने विरोध जताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी तो आरोपी ने कथित रूप से चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी और उसकी पहली पत्नी नूतन पर लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
