जमीन में निवेश का झांसा देकर 14 लाख की धोखाधड़ी, भूखंड का मालिक बताकर कराया एग्रीमेंट

हरिद्वार। जमीन में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि भूखंड का मालिक होने का दावा कर तीन लोगों ने एक व्यक्ति से 14 लाख रुपये ले लिए, लेकिन तय समय के बाद भी जमीन का बैनामा नहीं कराया। बाद में दस्तावेजों की जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। वहीं, अब कोर्ट के आदेश पर सिडकुल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

लक्सर क्षेत्र निवासी अशोक वर्मा ने न्यायालय में दायर प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2024 के दौरान उनकी पहचान ज्वालापुर के विष्णुलोक कॉलोनी निवासी मुकेश राणा से हुई थी। बातचीत के दौरान उन्हें सलेमपुर महदूद क्षेत्र में स्थित एक भूखंड में निवेश करने की सलाह दी गई। इसके बाद उनकी मुलाकात रोशनाबाद स्थित शिवालिक गंगा विहार निवासी शिवाकांत पाठक व कल्पना पाठक से कराई गई, जिन्होंने खुद को जमीन से जुड़ा अधिकारधारी बताते हुए कई दस्तावेज और मुख्तारनामा दिखाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जमीन की कीमत बढ़ने और भविष्य में अच्छे लाभ का भरोसा दिलाकर उन्हें निवेश के लिए तैयार किया। विश्वास में आकर उन्होंने अलग-अलग तिथियों में कुल 14 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। रकम लेने के बाद लगातार बैनामा कराने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन हर बार किसी न किसी बहाने से प्रक्रिया टाल दी गई। जब लंबे समय तक बैनामा नहीं हुआ तो पीड़ित को संदेह हुआ। उन्होंने जमीन से जुड़े अभिलेखों की जांच कराई, जिसमें पता चला कि संबंधित भूमि को लेकर न्यायालय में वाद विचाराधीन है। इतना ही नहीं, जिस मुख्तारनामे के आधार पर सौदा किया गया था, उसमें दर्ज नाम भी राजस्व रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहा था। इसके बाद पीड़ित ने खुद को ठगी का शिकार मानते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की। सिडकुल एसओ अजय शाह ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!