कार्रवाई: फायरिंग मामले में दो आरोपी चढ़े गंगनहर पुलिस के हत्थे, भेजा जेल

रुड़की। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गंगनहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रसूलपुर तिराहे के पास से दबोचा। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, फरार आरोपियों तलाश में भी टीमें जुटी है।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

पुलिस के अनुसार 11 जून को अफजाल पुत्र जमील निवासी ग्राम रामपुर ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर बताया था कि 5-6 युवक घातक हथियारों से लैस होकर उसके पुत्र के मित्र और अन्य साथियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर फरार हो गए थे। आरोपियों ने घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने साक्ष्यों के संकलन और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए गुरुवार को रसूलपुर तिराहे के पास से मुकदमे में वांछित नदीम पुत्र शमीम निवासी पुहाना थाना भगवानपुर तथा शमशेर पुत्र मुर्तजा निवासी खाताखेड़ी थाना झबरेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!