हरिद्वार। भगवानपुर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश उत्तराखंड समेत कई राज्यों की पुलिस कर रही थी। आरोपी पर किराये पर ली गई लग्जरी कारों को हड़पने, धोखाधड़ी और जालसाजी के कई गंभीर आरोप हैं।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024 में सिकरोड़ा निवासी शाकिब ने भगवानपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि सहारनपुर निवासी अलीशान ने अपने परिचित के साथ मिलकर तीन कारें किराये पर ली थीं, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी वाहनों को वापस नहीं किया। आरोप है कि वाहन वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकियां भी दीं। शिकायत के आधार पर भगवानपुर कोतवाली में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिसके चलते पुलिस को उसकी तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने उस पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र, मोबाइल सर्विलांस और लगातार की गई दबिशों के आधार पर आखिरकार आरोपी अलीशान को सोमवार को बदरपुर बॉर्डर स्थित टैक्सी स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ देहरादून, सहारनपुर और हरिद्वार के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी, अमानत में खयानत, आपराधिक षड्यंत्र और धमकी देने जैसे मामलों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। आरोपी सभी दर्ज मुकदमों में लंबे समय से फरार चल रहा था। एसएसआई रमेश सैनी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी:-
अलीशान c/o हमीद निवासी ग्राम शेखपुरा कदीम जिला सहारनपुर उ0प्र0 व वर्तमान पता ग्राम तेल्लीवाला डोईवाला देहरादून
आपराधिक इतिहास:-
1-मु0अ0सं0-291/24, धारा 406 आईपीसी कोतवाली पटेल नगर जनपद देहरादून।
2-मु0अ0सं0-300/24, 406,504, 506,120 बी आईपीसी कोतवाली पटेल नगर जनपद देहरादून।
3-मु0अ0सं0-144 /2024 धारा 406/420/467/468/471/120 बी कोतवाली डोईवाला देहरादून।
4-मु0अ0सं0 115/24 धारा 420 406 आईपीसी थाना रामपुर मनिहारान सहारनपुर उ0प्र।
5- मु0अ0सं0-377 /2024 धारा 406/420/467/468/471/120 बी कोतवाली सदर जनपद सहारनपुर उ0प्र0।
6- मु0अ0सं0 371/2024 धारा 406/420/506 भादवि0 कोतवाली भगवानपुर जिला हरिद्वार।
पुलिस टीम में:-
1. अ.उ.नि.प्रदीप चौहान कोतवाली भगवानपुर
2. का. उवैद कोतवाली भगवानपुर
3. का. रविन्द्र राणा कोतवाली भगवानपुर
4. म.का. मनिषा कोतवाली भगवानपुर
5. है.का. नीरज साइबर कार्यालय हरिद्वार
