हरिद्वार। भीषण गर्मी के बीच लगातार दूसरे दिन भी ज्वालापुर सेकंड सब डिवीजन क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय जेई की उदासीन कार्यशैली के चलते पूरी व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जबकि लाइन स्टॉफ सीमित संसाधनों के बीच हालात संभालने में जुटा हुआ है।
जानकारी के अनुसार शनिवार और रविवार की दरमियानी रात मोहल्ला चाकलान में लाइन में तकनीकी खराबी आने के बाद आसपास के कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पूरी रात बिजली गुल रहने से हजारों लोगों को उमस भरी गर्मी में रात गुजारनी पड़ी। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस दौरान संबंधित जेई मौके पर नहीं पहुंचे, जबकि ऊर्जा निगम के कर्मचारी लगातार फॉल्ट तलाशने और आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे।
कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार देर शाम अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई, लेकिन देर रात धीरवाली, कोटरवान समेत अन्य इलाकों में फिर तकनीकी खराबी आने से लोगों को दोबारा बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि संबंधित जेई न तो दिनभर मौके पर पहुंचे और न ही उपभोक्ताओं के फोन उठाए। कई बार उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। उन्होंने व्यवस्था को भगवान भरोसे छोड़ दिया।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से क्षेत्रीय जेई कर्मचारियों के बुलाने के बावजूद साइट पर आने से इनकार करते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और जेई की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय पार्षदों और क्षेत्रवासियों ने मामले की शिकायत एसडीओ और एक्सईएन से करते हुए संबंधित जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
(नोट: वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित अधिकारी का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।)
