हरिद्वार। बहादराबाद पुलिस ने करीब पांच माह पहले हुई महिला की मौत के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार किया है। एफएसएल रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हुई विवेचना में सामने आया कि आरोपी ने अपनी बीमार पत्नी को जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया था।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि चार फरवरी 2026 को मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने कोतवाली बहादराबाद में शिकायत दी थी कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर बहादराबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने स्वयं विवेचना अपने हाथ में ली। घटनास्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट की सहायता से आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया। जांच के दौरान प्राप्त एफएसएल रिपोर्ट में मृतका की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई। वैज्ञानिक साक्ष्यों और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी पति की भूमिका स्पष्ट होने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए।पुलिस के अनुसार आरोपी अफजाल गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। सूचना मिली कि वह क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने 27 जून 2026 को बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।

फाइल फोटो:-इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह

बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी कारण उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी अफजाल पुत्र मुस्लिम, निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, उम्र 38 वर्ष।

 

पुलिस टीम अमरजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद, उपनिरीक्षक करम सिंह, कांस्टेबल अरुण चमोली एवं कांस्टेबल विकास थापा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!