सराय में लगा विद्युत उपभोक्ता सेवा शिविर, 21 बकायेदारों से 2.90 लाख की वसूली

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत ऊर्जा निगम की ओर से मंगलवार को ज्वालापुर के ग्राम सराय में विद्युत उपभोक्ता सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय विद्युत उपभोक्ता पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनने के साथ ही बकाया राजस्व की वसूली और विद्युत सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की कार्रवाई की।

शिविर का नेतृत्व अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी और अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने किया। इस दौरान ऊर्जा निगम की टीम ने बकायेदार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली के लिए भी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 21 बकायेदारों से करीब 2.90 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि बकाया बढ़ने पर विभागीय कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बिजली आपूर्ति, बिलों में गड़बड़ी, कनेक्शन समेत विद्युत सेवाओं से संबंधित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कुल 15 शिकायतें शिविर में प्राप्त हुईं। इनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष सात शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

प्रदीप चौधरी ने कहा कि उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से क्षेत्र में उपभोक्ता सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर शिकायतों की सुनवाई, राजस्व वसूली और विद्युत सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान एसडीओ जगजीतपुर अमित तोमर, एई गौतम व जेई प्रीति जिंटा समेत ऊर्जा निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!