ऊर्जा निगम की ओर से राहत शिविर कैंप का आयोजन, 3.20 लाख की राजस्व वसूली 

हरिद्वार। ऊर्जा निगम की ओर से बकाया राजस्व की वसूली बढ़ाने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर मंगलवार को ज्वालापुर के जैन मंदिर चौक पर विशेष राजस्व वसूली कैंप लगाया गया। कैंप के दौरान ऊर्जा निगम की टीम ने उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बकाया बिलों का भुगतान कराने के साथ ही राजस्व वसूली पर जोर दिया।

एसडीओ शिल्पी सैनी के नेतृत्व तथा जेई अक्षय कुमार की अगुवाई में आयोजित कैंप में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे। टीम ने मौके पर उपभोक्ताओं की बिजली बिल, मीटर तथा कनेक्शन से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को समय से बिजली बिल जमा करने और बकाया भुगतान से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी।

अभियान के दौरान ऊर्जा निगम की टीम ने करीब 3 लाख 20 हजार रुपये की राजस्व वसूली की। कैंप के दौरान टीम ने करीब आधा दर्जन स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के घरों और दुकानों में स्थापित किए। वहीं, टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान भी चलाया। जांच के दौरान दो घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। बिजली चोरी सामने आने पर निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने कहा कि राजस्व वसूली अभियान का उद्देश्य केवल बकाया धनराशि जमा कराना ही नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका समाधान करना भी है। कैंप में मोबिन हसन, मोहन लाल, इमरान मलिक व अर्पित सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!