हरिद्वार। बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जगजीतपुर उपखंड क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में छापेमारी की। अभियान के दौरान टीम ने 18 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। एक साथ तीन गांवों में हुई इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा रहा।अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व हानि रोकने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपखंड अधिकारी जगजीतपुर अमित तोमर के नेतृत्व में ऊर्जा निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने विभिन्न गांवों में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान ग्राम इक्कड़ में सबसे अधिक 12 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। वहीं, ग्राम जट बहादरपुर में पांच और गाडोवाली में एक स्थान पर विद्युत चोरी का मामला सामने आया। टीम ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। छापेमारी अभियान में अवर अभियंता प्रीति जिंटा, सुमित त्यागी सहित ऊर्जा निगम और विजिलेंस की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!