परमार्थ निकेतन के नवरात्रि रिट्रीट में जुटे 9 देशों के साधक, भारतीय संस्कृति से हुए रूबरू

योग, ध्यान, यज्ञ और गरबा के माध्यम से विदेशी साधकों ने जाना सनातन जीवन-दर्शन; गंगा आरती ने किया भावविभोर

ऋषिकेश, 21 अक्टूबर। परमार्थ निकेतन में आयोजित नवरात्रि रिट्रीट में नौ देशों से आए 70 से अधिक योग एवं आध्यात्मिक जिज्ञासुओं ने सहभाग किया। पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी और साध्वी भगवती सरस्वती जी के सान्निध्य में आयोजित इस रिट्रीट में प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, योग, ध्यान और आध्यात्मिक जीवन-दर्शन को करीब से जाना।

माँ गंगा के पावन तट और हिमालय की शांत वादियों के बीच आयोजित रिट्रीट में भक्ति, साधना और आत्मचिंतन का वातावरण रहा। मंत्रोच्चार, यज्ञ, सामूहिक प्रार्थना और गंगा आरती ने साधकों को आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ा। प्रतिभागियों ने नवरात्रि के महत्त्व को समझने के साथ आत्मिक शांति और जीवन में सकारात्मकता के विभिन्न पहलुओं का अनुभव किया।

पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने भारतीय संस्कृति के सार्वभौमिक संदेश ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विविधताओं के बीच एकता, संवाद, सहयोग और सह-अस्तित्व की भावना ही विश्व को एक परिवार के रूप में जोड़ती है। उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को शांति, करुणा और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का प्रेरणास्रोत बताया।

साध्वी भगवती सरस्वती जी के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ध्यान, आत्मचिंतन और साधना के महत्त्व को समझा। उन्होंने आध्यात्मिकता को जीवन में जागरूकता, विवेक और करुणा विकसित करने का माध्यम बताया।

रिट्रीट के दौरान योगासन, प्राणायाम, ध्यान, प्रातःकालीन यज्ञ, आयुर्वेद परिचर्चा, सृजनात्मक कार्यशालाएँ, योगगरबा, हवन, कीर्तन और गंगा आरती सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। श्री अनिश रंगरेज ने प्रतिभागियों को गरबा कराया। संध्या के समय गंगा तट पर दीपों से सजी आरती और मंत्रोच्चार ने सभी को भावविभोर कर दिया।

परमार्थ निकेतन का यह आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को वैश्विक स्तर पर साझा करने का माध्यम बना। प्रतिभागियों ने योग, ध्यान, भक्ति और सेवा के साथ प्रकृति के प्रति सम्मान तथा मानवता को एक परिवार मानने का संदेश ग्रहण किया।

इन देशों से पहुंचे साधक

रिट्रीट में ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, भारत, इजराइल, इटली, मेक्सिको, स्पेन और अमेरिका के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें संतोष बार्ता, शेया अन्ना स्पिरेवका, इंदिरा मिश्रा, क्लाउडिया सेनहेन, झन्ना बोचकारोवा, अंकित शाह, अक्षय महाजन, चिंतन शेट्टी, डॉ. सुरेश चंदर शर्मा, एरेज़ फेरीम्यूटर, कृति गुप्ता, इंदु पटियाल, नवीनकुमार सिन्हा, प्रिंस नागपाल, राजीव पटोदिया, राम करण मकर, वैभव वर्मा, विनोद कुमार, राजेंद्र गुमानी, अगुस्तिना लूना, इहाली ओर्टेगा पुलिडो, डोमिनिक एलिजाबेथ यानेज़ डियाज़, क्रिस्टिन टॉम्पकिन्स, रॉबिन जे. क्रीच और सुज़ाना डेटन सहित अन्य साधक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!