हरिद्वार। भेल कर्मचारियों को दीपावली पर 70 हजार रुपये बोनस देने की मांग को लेकर हैवी इलेक्ट्रिकल वर्कर्स ट्रेड यूनियन ने प्रबंधन से जल्द जॉइंट कमेटी की बैठक बुलाने की मांग की है। यूनियन ने एक सप्ताह में बैठक की तिथि घोषित नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। को भेल रानीपुर स्थित यूनियन कार्यालय में पूर्व विधायक एवं यूनियन अध्यक्ष रामयश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने जॉइंट कमेटी की बैठक ऑनलाइन कराने का विरोध करते हुए पूर्व की तरह ऑफलाइन बैठक कराने की मांग उठाई।
बैठक में मृतक आश्रितों के बच्चों को आर्टिजन भर्ती में पूर्व की तरह 25 प्रतिशत आरक्षण देने, कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को अलग से आरक्षण, कोरोना से मृत कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता जारी रखने, कैंटीन व अस्पताल की सुविधाएं सुधारने और लंबित लैपटॉप वितरण शुरू कराने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा ओवरटाइम भुगतान, कर्मचारियों के इंसेंटिव में सुधार, सड़कों व अन्य रखरखाव कार्यों तथा जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।यूनियन के महामंत्री विकास सिंह ने नए सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में नीरज बघेल, बसंत कुमार, दिनेश सैनी, मंजय कुमार, ओमप्रकाश पाल, राजकुमार और दीपक बागला ने यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। बैठक का संचालन राकेश मालवीय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!