गंगा की निर्मलता बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य : अविनाश भदोरिया
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मेला अधिकारी सोनिका के निर्देश पर महिला एवं बाल कल्याण विभाग ने जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदोरिया के नेतृत्व में गोविंदपुरी घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के माध्यम से गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अविनाश भदोरिया ने कहा कि देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने आते हैं, लेकिन स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद घाटों पर छोड़ी गई पूजन सामग्री व कचरा गंगा को प्रदूषित करता है। उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता बनाए रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने श्रद्धालुओं और आमजन से गंगा में प्लास्टिक, कूड़ा व पूजन सामग्री न डालने, घाटों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता हमारी आस्था, संस्कृति और भावी पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी है।
अभियान में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष प्रिय बंधु, समिति सदस्य एवं पूर्व लोकपाल सुनीता चौधरी, सदस्य दिनेश शर्मा, बेबीनाज, सोनिका, डीसीपीयू, चाइल्डलाइन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
