हिमाचल कैबिनेट उप-समिति का SDRF मुख्यालय दौरा, आपदा प्रबंधन में बेहतर समन्वय पर जोर

देहरादून। हिमाचल प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में गठित कैबिनेट उप-समिति ने 30 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड के जॉली ग्रांट स्थित SDRF मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा प्रतिनिधिमंडल को SDRF की कार्यप्रणाली, संरचना और आपदा प्रबंधन में किए जा रहे समन्वित प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई।

सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने प्रतिनिधिमंडल को त्वरित रिस्पॉन्स प्रणाली, अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के उपयोग और चारधाम यात्रा समेत विभिन्न आपदा राहत अभियानों में SDRF की भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य के लिए आधुनिक तकनीकों और बेहतर रिस्पॉन्स टाइम मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने SDRF द्वारा उपयोग किए जा रहे आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी देखी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में संचालित रेस्क्यू ऑपरेशनों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही प्रशिक्षण शाखा का निरीक्षण कर आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रशिक्षण मॉड्यूल, तकनीकी नवाचार और प्रशिक्षकों की विशेषज्ञता को भी समझा।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने SDRF उत्तराखंड की तत्परता, दक्षता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में भी बल द्वारा प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में SDRF की कार्यक्षमता और समन्वय क्षमता को अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, शांतनु पाराशर, प्रभारी निरीक्षक (प्रशिक्षण) प्रमोद रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। यह दौरा दोनों राज्यों के बीच आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अनुभव साझा करने और भविष्य में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!