हरिद्वार। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के पावन पर्वों पर बाजारों में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस-प्रशासन ने शहर का विस्तृत यातायात प्लान जारी कर दिया है।

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि त्योहारों के इस बड़े सीजन में शहर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय जनता की सुविधा के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में नो-एंट्री व वन-वे व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले मुख्य बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, वहीं नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ क्रेन से टोइंग और चालानी कार्रवाई की जाएगी।एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि वे बाजारों में खरीदारी के लिए ज्यादा से ज्यादा दोपहिया वाहनों का प्रयोग करें और अपने वाहनों को चिन्हित निःशुल्क पार्किंग स्थलों में ही खड़ा करें।
कोतवाली ज्वालापुर: प्रमुख बाजारों में नो-एंट्री और पार्किंग व्यवस्था
- नो-एंट्री व्यवस्था: सुबह 08:00 बजे से रात 22:00 बजे तक जटवाड़ा पुल से दुर्गा चौक, रेल चौकी, सेक्टर-2 से भगतसिंह चौक तक भारी व सभी कमर्शियल लोडिंग वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
- प्रमुख पार्किंग स्थल:
- BHEL व भगतसिंह चौक से ज्वालापुर की ओर: ज्वालापुर इंटर कॉलेज, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन परिसर और भगतसिंह चौक से सेक्टर-2 के बीच सड़क किनारे खाली स्थान।
- सिंहद्वार-आर्यनगर चौक की ओर: रेलवे अंडरपास से पहले रेलवे ट्रैक के पास खाली स्थान।
- दुर्गा चौक की ओर: भाईचारा होटल के पास खाली स्थान।
- रानीपुर मोड़ चौक की ओर: डॉ. चंदेला अस्पताल के सामने और भगतसिंह चौक से शिवमूर्ति चौक के बीच सड़क किनारे खाली स्थान।
- वन-वे प्लान: रानीपुर मोड़ चौक पर दबाव बढ़ने पर BHEL व सेक्टर-2 से आने वाले वाहनों को भगतसिंह चौक से टिबरी होकर पुराना रानीपुर मोड़ की तरफ वन-वे भेजा जाएगा।
- विशेष निर्देश: श्रीराम चौक से कटहरा बाजार की ओर सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। भीड़ बढ़ने पर श्रीराम चौक तक 2/4 व्हीलर भी रोके जा सकते हैं।
कोतवाली नगर: सूखीनदी और खड़खड़ी क्षेत्र में बदलाव
- नो-एंट्री व्यवस्था: सुबह 08:00 से रात 22:00 बजे तक सूखीनदी तिराहा से भीमगौड़ा बैरियर, पंतद्वीप निकासी द्वार से भीमगौड़ा बैरियर तक कमर्शियल लोडिंग वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वेदनिकेतन आश्रम तिराहा से श्मशान घाट मार्ग पर ऑटो, विक्रम व ई-रिक्शा पर पूर्ण रोक रहेगी।
- पार्किंग स्थल:
- दूधाधारी व करपात्री चौक से खड़खड़ी की तरफ आने वाले वाहनों के लिए सूखीनदी पार्किंग।
- देवपुरा व ऋषिकुल से आने वाले वाहनों के लिए ऋषिकुल मैदान।
- वन-वे प्लान: दूधाधारी से भीमगौड़ा की ओर आने वाले छोटे वाहनों, ई-रिक्शा व ऑटो को सूखीनदी तिराहा से बाएं करपात्री चौक होकर हाईवे की तरफ भेजा जाएगा।
थाना कनखल: लक्सर मार्ग और जगजीतपुर में ट्रैफिक डायवर्जन
- नो-एंट्री व्यवस्था: सुबह 08:00 बजे से रात 10:00 बजे तक सिंहद्वार से जगजीतपुर चौकी तक कमर्शियल लोडिंग वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
- पार्किंग व्यवस्था: कृष्णानगर पुलिया से प्रेमनगर चौक जाने वाली नहर पटरी मार्ग पर वाहन पार्क किए जाएंगे।
- डायवर्जन व्यवस्था: सिंहद्वार से देशरक्षक के बीच दबाव बढ़ने पर शंकर आश्रम व ज्वालापुर से आने वाला यातायात प्रेमनगर चौक से जहान्वीडेल व रामदेव पुलिया होकर भेजा जाएगा। ज्यादा दबाव होने पर लक्सर से आने वाले वाहनों को जियापोता से सराय होकर डायवर्ट किया जाएगा।
कोतवाली रानीपुर: शिवालिकनगर और सलेमपुर रूट
- नो-एंट्री व्यवस्था: चिन्मय चौक से शिवालिकनगर चौक, बसपा तिराहा और सलेमपुर चौक तक भारी व छोटे कमर्शियल वाहन सुबह 8 से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगे।
- पार्किंग स्थल: चिन्मय डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान तथा शिवालिकनगर चौक के पास ‘बी’ गेट के सामने वाहनों की पार्किंग होगी।
पुलिस की मुख्य अपील व दिशा-निर्देश
- आमजन खरीदारी के दौरान अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें।
- त्योहारी सीजन में यातायात को सुगम बनाने के लिए दोपहिया (Two-Wheeler) वाहनों का अधिक से अधिक प्रयोग करें।
- नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर क्रेन द्वारा टोइंग (Tow-away) की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- व्यापारी वर्ग अपनी दुकानों के सामने वाहन खड़े न करवाकर ग्राहकों को नजदीकी पार्किंग स्थल का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।
