हार्डवेयर की दुकान में साढ़े तीन लाख की चोरी, लैपटॉप-टीवी भी ले उड़े चोर

हरिद्वार। जमालपुर कलां में चोरों ने हीरा हार्डवेयर की दुकान के ताले तोड़कर साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी समेत लैपटॉप, एलसीडी टीवी और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोर ममटी के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारी को चोरी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर कनखल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, जमालपुर कलां निवासी तौहीद अंसारी पुत्र अजमुद्दीन अंसारी की खोखरा के पास हीरा हार्डवेयर के नाम से दुकान है। दो नवंबर की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान चोर ममटी के रास्ते दुकान के अंदर दाखिल हुए और गल्ले में रखी साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी के साथ लैपटॉप, एलसीडी टीवी, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।तीन नवंबर की सुबह व्यापारी दुकान पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर गल्ले से नकदी और अन्य कीमती सामान गायब मिला। पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुई रकम अगले दिन सुबह एक आढ़ती को देनी थी।कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!