हरिद्वार। बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा विभाग ने मंगलवार सुबह ज्वालापुर क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाते हुए कई घरों में अवैध रूप से बिजली चोरी होते हुए पकड़ी।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर पुरानी अनाज मंडी/डाट मंडी और मोहल्ला झाड़ान में की गई सघन चेकिंग के दौरान विभागीय टीम ने करीब 5 से 6 घरों में बिजली चोरी पकड़ी।

अभियान के दौरान टीम ने संदिग्ध कनेक्शनों, कटिया डालकर बिजली उपयोग और मीटर से छेड़छाड़ की जांच की। जांच में कई उपभोक्ता बिना वैध कनेक्शन के बिजली का इस्तेमाल करते पाए गए। विभागीय टीम ने मौके पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ एसआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

चेकिंग अभियान का नेतृत्व एसडीओ शिल्पी सैनी व जेई अक्षय चौहान ने किया इस दौरान लाइन स्टाफ से लाइनमैन मोबिन हसन, इमरान मलिक समेत अन्य कर्मचारियों ने अभियान में सहयोग किया।

अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ काफ़ी समय से शिकायते मिल रही थी। जिसका संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। अन्य इलाकों में भी जल्द ही व्यपाक अभियान चलाते हुए कार्रवाई की जाएगी।
