हरिद्वार। धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर कनखल पुलिस ने 82 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 82 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 30 हजार रुपये है।

शुक्रवार को कोतवाली कनखल में एसपी सिटी दीपक सिंह की मौजूदगी में मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय से मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनका फोन वापस मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभी ने पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया।

 

एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि कनखल पुलिस ने CEIR पोर्टल और सर्विलांस की सहायता से यह सफलता हासिल की है। वर्ष 2026 में अब तक कनखल पुलिस कुल 268 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख 20 हजार रुपये है। उन्होंने बताया कि खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

मोबाइल बरामद करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी और हेड कांस्टेबल नीरज रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!