हरिद्वार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली रूड़की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 50.27 ग्राम स्मैक की खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी तस्कर बरेली से स्मैक लेकर आया था और यहां बेचने की तैयारी में था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करी करने व बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली रूड़की प्रभारी मनीष उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक युवक को रोका गया। पुलिस को तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 50.27 ग्राम स्मैक, मोबाइल फ़ोन, 1850 रूपए नकद व तराजू बरामद हुआ। पुलिस को पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समीर पुत्र इम्तियाज निवासी ग्राम बेलड़ा कोतवाली रूड़की बताया।

कोतवाली प्रभारी मनीष उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, चौकी प्रभारी सौत-बी आनंद मेहरा, हे.का. नूर हसन, हे.का. प्रवीण चौधरी, का. इतेंद्र ध्यानी व रविंद्र सिंह शामिल रहे।
