हरिद्वार। हेयर सैलून पर बाल कटाने गए एक युवक पर गांव के ही पांच व्यक्तियों ने हमला कर दिया। इसी दौरान एक युवक ने देशी कट्टा उसकी कमर से सटा गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। वहीं, पुलिस ने मामले में युवक के पिता कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना बीते 19 नंबर शाम पांच बजे की है। थाना बहादराबाद क्षेत्र के भौरी गांव में स्थित रविदास मंदिर के पास मांगेराम पुत्र स्व. सूरत सिंह का पुत्र राजू बाल कटवाने के लिए हेयर सैलून गया था। इसी दौरान गांव के ही ब्रिजेश पुत्र सुरेश, हिंमाशु व प्रिंस पुत्रगण ब्रिजेश, मनोज पुत्र नामालूम व हिमांशु पुत्र राजेश एक राय होकर आए और राजू को गालियां देने लगे। आरोप है कि प्रियांशु ने देशी कट्टा निकालकर राजू की कमर में सटा दिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। शोर सुनकर भीड़ इकठ्ठा हो गई और सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौक़े से फरार हो गए। वहीं, थाना प्रभारी बहादराबाद अंकुर शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
